Published on: 18 Oct 2026
आईजीयू में अंतर-कॉलेज खेल प्रतियोगिताओं की घोषणा, अक्टूबर-नवंबर में जुटेंगे खिलाड़ी।*
इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर-रेवाड़ी द्वारा शैक्षणिक सत्र के तहत अंतर-कॉलेज खेल प्रतियोगिताओं और चयन ट्रायल्स की तारीखों की घोषणा कर दी गई है। विश्वविद्यालय खेल परिषद के अनुसार अक्टूबर और नवंबर माह में जिम्नास्टिक्स, एथलेटिक्स, वुशु और ताइक्वांडो (पुरुष एवं महिला वर्ग) की चैंपियनशिप और ट्रायल आयोजित किए जाएंगे।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. असीम मिगलानी ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक फिटनेस ही नहीं, बल्कि अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि युवा अपनी ऊर्जा का सकारात्मक दिशा में उपयोग कर सकें।
कुलसचिव प्रो. दिलबाग सिंह ने सभी प्रतिभागियों से खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की अपील की। उन्होंने संबद्ध महाविद्यालयों से आग्रह किया कि वे अपनी टीमों को समय पर भेजकर विद्यार्थियों को सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करें।
खेल निदेशक डॉ. अशोक कुमार यादव ने बताया कि प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य प्रतिभावान खिलाड़ियों को पहचानकर उन्हें अंतर-विश्वविद्यालय (इंटर-यूनिवर्सिटी) स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने का मंच प्रदान करना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष रहेगी।
*यह रहेगा प्रतियोगिताओं का शेड्यूल:*
*जिम्नास्टिक्स (पुरुष व महिला): 27 अक्टूबर 2026, सुबह 10:00 बजे, RTR स्टेडियम, रेवाड़ी
*एथलेटिक्स (पुरुष व महिला): 30 अक्टूबर 2026, सुबह 10:00 बजे, RPSDC, बलाना
*वुशु (पुरुष व महिला): 03 नवंबर 2026, सुबह 10:00 बजे, गवर्नमेंट कॉलेज, अटेली
*ताइक्वांडो (पुरुष व महिला): 03 नवंबर 2026, दोपहर 01:00 बजे, गवर्नमेंट कॉलेज, अटेली
*खिलाड़ियों के लिए जरूरी निर्देश:*
सहायक खेल निदेशक के अनुसार सभी प्रतिभागियों को अपना कॉलेज पहचान पत्र और पात्रता प्रपत्र (Eligibility Form) साथ लाना अनिवार्य होगा। प्रत्येक टीम के साथ कॉलेज प्रबंधक/इंचार्ज का होना आवश्यक है। चयन परीक्षण (ट्रायल) के लिए प्रति खिलाड़ी ₹300 शुल्क निर्धारित किया गया है।